Advertisement

अब काशी विद्यापीठ के मंदिरों का जीर्णोद्धार कराएगा ट्रायडेंट, हुआ पूजन

-अब काशी विद्यापीठ के मंदिरों का जीर्णोद्धार कराएगा ट्रायडेंट, हुआ पूजन

छपरा । संवाददाता।

छपरा के बनियापुर के कराह निवासी रमन त्रिपाठी अब बनारस के काशी विद्यापीठ स्थित मंदिरों के जीर्णोद्धार का संकल्प ले चुके हैं। अपनी संस्था ट्रायडेंट सेवा समिति ट्रस्ट के माध्यम से काशी विद्यापीठ परिसर स्थित सनाताल बाबा के स्थान का जीर्णोद्धार कराएंगे। उन्होंने इसके लिए स्थान के पास विधिवत रूप से पूजा अर्चना कर इसका शुभारंभ कराया। पुजारी के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सनाताल बाबा के स्थान पर ट्रायडेंट सेवा समिति के अध्यक्ष रमन त्रिपाठी ने फूल माला चढ़ाया।

इस पर पावन अवसर के साक्षी उत्तर प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री डाँ. दया शंकर मिश्र दयालु बने। उन्होंने इस कार्य की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए बताया कि रमन त्रिपाठी जैसा समाज सेवी विरले ही मिलते हैं। इनके कार्यों में सभी लोगों को सहयोग करना चाहिए। खासकर बनारस जैसे धार्मिक शहर में ट्रायडेंट सेवा समिति ट्रस्ट द्वारा प्राचीन, अपूजित व जीर्णशीर्ण हो चुके कई मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया जा चुका है और कराया जा रहा है। मौके पर कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि हमें रमन त्रिपाठी जैसे समाजसेवी पर गर्व महसूस हो रहा है। काशी के विद्वतजन मिलकर इन्हें युगपुरुष के दर्जा से सुशोभित करेंगे। रमन त्रिपाठी ने कहा कि ये सभी कार्य ईश्वर और अपने पूर्वजों की असीम कृपा से करा रहे हैं और भविष्य में भी कराते रहेंगे। सनातन धर्म की रक्षा करना ही हमारे जीवन का मुख्य कर्तव्य व प्रतीज्ञा है। इस अवसर पर काशी के विद्वतजन समेत साधू संत मौजूद थे।