-अतिक्रमण और सी एंड डी वेस्ट पर निगम की सख्ती
-नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
मुजफ्फरपुर।संवाददाता।
नगर निगम सभागार में गुरुवार को नगर आयुक्त विक्रम विरकर की अध्यक्षता में सफाई व्यवस्था, फॉगिंग अभियान, अतिक्रमण नियंत्रण और सी एंड डी वेस्ट प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक अभियंता, एपीएचएसएमओ, वाहन प्रभारी, सफाई प्रभारी, अंचल निरीक्षक और सभी वार्ड निरीक्षक मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने सभी विभागों की रिपोर्ट लेते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
अतिक्रमण पर नगर आयुक्त का सख्त रुख:
बैठक में नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर में अतिक्रमण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा। मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए सभी सिटी मैनेजर, अतिक्रमण टीम और वार्ड निरीक्षकों को कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि
“जहां भी अतिक्रमण मिले, तुरंत नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाए।
सी एंड डी वेस्ट को लेकर वार्ड निरीक्षकों को कड़ाई से कार्रवाई का आदेश:
निर्माण एवं ध्वस्तीकरण कचरे की अनियमित फेंकाई पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा सी एंड डी वेस्ट सड़क किनारे या खाली जगहों पर फेंकना नियमों का उल्लंघन है। वार्ड निरीक्षक कड़ाई से पेश आएं और जहां भी अनियमितता मिले, तुरंत कार्रवाई करें।”
उन्होंने साफ कहा कि निगम सी एंड डी वेस्ट को लेकर “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम करेगा।
सफाई व्यवस्था, डंपिंग पॉइंट और वाहनों की स्थिति की समीक्षा:
बैठक में वार्डवार सफाई कर्मियों की उपस्थिति, नालों की सफाई, छोटे-बड़े डंपिंग पॉइंट की स्थिति और कचरा उठाव वाहनों की कार्यशीलता की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने कहा कि सफाई में किसी तरह की कमी स्वीकार नहीं होगी और जहां समस्या है, वहां तुरंत सुधार कराया जाए।

फॉगिंग और एंटी-लार्वा अभियान तेज करने के निर्देश:
डेंगू नियंत्रण को लेकर नगर आयुक्त ने चल रहे फॉगिंग और एंटी-लार्वा स्प्रे की प्रगति पूछी। उन्होंने कहा कि “फॉगिंग की गति तेज की जाए। नागरिकों के एक कॉल पर टीम मौके पर पहुंचे, यह सुनिश्चित करें।”
जल-जमाव वाले बिंदुओं की सूची मांगी:
वार्ड निरीक्षकों को अपने क्षेत्रों के जल-जमाव वाले स्थानों की अद्यतन सूची प्रस्तुत करने को कहा गया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि ऐसे स्थानों पर प्राथमिकता से समाधान किया जाए ताकि नागरिकों को समस्या न हो।
रात्रि सफाई व मुख्य मार्गों की व्यवस्था पर जोर:
रात्रि सफाई की समीक्षा में नगर आयुक्त ने कहा कि मुख्य सड़कों और बाजारों में साफ-सफाई नियमित रूप से होनी चाहिए। जहां भी सफाई कमजोर पाई गई, वहां टीम बदलने तक के निर्देश दिए गए।
सफाई सामग्री की कमी दूर करने का निर्देश:
नगर आयुक्त ने वार्डों में सफाई सामग्री की कमी पर तुरंत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
शिकायतों के लिए 155304 पर करें संपर्क, नगर आयुक्त की अपील:
शहरवासियों से नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने अपील की कि सफाई, जल-जमाव, फॉगिंग, अतिक्रमण या सी एंड डी वेस्ट से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए
निगम की हेल्पलाइन 155304 पर सीधे संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि “नागरिकों की शिकायतें सबसे महत्वपूर्ण हैं। फोन मिलते ही संबंधित टीम तुरंत पहुंचकर समाधान करेगी।”
बैठक में उप नगर आयुक्त अमित कुमार, सुश्री स्वरा , सिटी मैनेजर रितीश कुमार, आलोक कुमार गुप्ता सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।












