-स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर भवन में आयोजित हुआ भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम
मुजफ्फरपुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर भवन, मुजफ्फरपुर में जिला प्रशासन की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री निशांत सिहारा, नगर आयुक्त श्री ऋतुराज प्रताप सिंह, प्रोबेशनल आईएएस सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी, गणमान्य नागरिक तथा विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक भावनाओं से ओत-प्रोत मनमोहक एवं अद्भुत प्रस्तुतियां दी गईं। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों में देशभक्ति की भावना का संचार किया और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
जिला पदाधिकारी श्री कुमार गौरव ने छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों एवं युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को समर्पित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।












