-सिकंदरपुर ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का डीएम-एसएसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मुजफ्फरपुर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने शनिवार को सिकंदरपुर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का संयुक्त निरीक्षण किया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत यह मासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
डीएम एवं एसएसपी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट के कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने पाया कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था आयोग द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुदृढ़ है और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसएसपी ने अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा उप निर्वाचन पदाधिकारी को ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस के संचालन और सुरक्षा में भारत निर्वाचन आयोग के सभी मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
वेयरहाउस के निरीक्षण के बाद विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों ने भी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। प्रतिनिधियों ने आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा एवं रखरखाव की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
विदित हो कि सिकंदरपुर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल), हैदराबाद द्वारा निर्मित एम-3 ईवीएम एवं वीवीपैट सुरक्षित रखे गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार इन मशीनों की सुरक्षा और वेयरहाउस की व्यवस्था की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित थे।












