-साहू रोड पर निर्माण सामग्री बनी हादसों की वजह, फिर हुआ दुर्घटना का शिकार राहगीर
मुजफ्फरपुर। शहर के दीपक सिनेमा स्थित साहू रोड में चल रहे सड़क एवं नाला निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर छोड़ी गई बालू लोगों के लिए परेशानी और हादसों का कारण बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी द्वारा बालू सड़क पर ही छोड़ दी गई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
शुक्रवार को भी इसी वजह से एक और हादसा हो गया। सड़क पर फैली बालू के कारण वाहन चालक अपना संतुलन खो बैठे और दुर्घटना का शिकार हो गए। हालांकि घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन लोगों में इसे लेकर भारी नाराजगी है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। सड़क पर बिखरी बालू के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
लोगों ने नगर निगम और संबंधित संवेदक से सड़क पर फैली बालू को तत्काल हटाने तथा निर्माण स्थल पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों को रोका जा सके।












