-सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गंगाजल से किया जलाभिषेक
मुजफ्फरपुर/बंदरा, दीपक। सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत मतलूपुर गांव स्थित अति प्राचीन बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।पहलेजाघाट से गंगाजल लेकर अहले सुबह से ही बमों का आना शुरू हो गया।वहीं विभिन्न क्षेत्रों से शिवभक्त गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे और बाबा खगेश्वर नाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। अहले सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो लगातार जारी रहा।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ बाबा भोलेनाथ पर गंगाजल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। मंदिर परिसर में पूरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। हर-हर महादेव के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते नजर आए।

सावन की सोमवारी के मौके पर मंदिर परिसर में मेला भी आयोजित किया गया। मेले में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने खरीदारी की और धार्मिक आयोजन का आनंद लिया। बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर क्षेत्र का अति प्राचीन शिवस्थल माना जाता है, जिसके प्रति स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में भी विशेष आस्था और श्रद्धा है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। बंदरा की अंचलाधिकारी अदिति राय स्वयं लगातार मौके पर कैंप करती रहीं और व्यवस्थाओं का जायजा लेती रहीं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मंदिर परिसर में तैनात रही। स्वास्थ्यकर्मियों ने भक्तों की सेवा के लिए आवश्यक व्यवस्था संभाली। इसके अलावा स्वयंसेवकों की टीम भी लगातार मंदिर परिसर में सक्रिय रही और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कराने, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान करती रही।
सावन की सोमवारी पर बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी भीड़ और भक्तिमय माहौल ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया। देर तक श्रद्धालुओं के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा।












