Advertisement

समस्तीपुर मंडल की पंक्चुअलिटी 96.05 प्रतिशत

-समस्तीपुर मंडल की पंक्चुअलिटी 96.05 प्रतिशत

-देश के अग्रणी रेल मंडलों में दर्ज कराई उपस्थिति

मुजफ्फरपुर। ट्रेनों के समय पर परिचालन को लेकर जारी प्रतिस्पर्धा में पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। 22 सितंबर की दैनिक पंक्चुअलिटी रिपोर्ट के अनुसार, समस्तीपुर मंडल की ट्रेनों का समय पालन 96.05 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस प्रदर्शन के साथ मंडल ने देश के अग्रणी रेल मंडलों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

बताया गया कि कुछ समय पहले तक समस्तीपुर मंडल का पंक्चुअलिटी ग्राफ करीब 78 से 85 प्रतिशत के बीच रहता था। परिचालन संबंधी विभिन्न कारणों से ट्रेनों के विलंबित होने की शिकायतें भी सामने आती थीं। हाल के दिनों में परिचालन व्यवस्था में किए गए सुधारों और बेहतर मॉनिटरिंग के बाद समय पालन के आंकड़े में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

रेल अधिकारियों के अनुसार, रीयल-टाइम कंट्रोल, ट्रेनों की लगातार निगरानी, बेहतर क्रू एवं रेक प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से यह सुधार संभव हुआ है। तकनीकी बाधाओं और सिग्नल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

22 सितंबर को शाम छह बजे तक पूर्व मध्य रेल जोन में 260 मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन हुआ, जिनमें 27 ट्रेनें विलंबित रहीं। इससे जोन की कुल पंक्चुअलिटी 89.62 प्रतिशत रही। इसके मुकाबले समस्तीपुर मंडल का 96.05 प्रतिशत प्रदर्शन रहा। इससे एक दिन पहले सोनपुर मंडल ने 100 प्रतिशत पंक्चुअलिटी दर्ज की थी।