Advertisement

समस्तीपुर के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, गांव में मातम

दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़: समस्तीपुर के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, गांव में मातम

समस्तीपुर: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में समस्तीपुर के ताजपुर प्रखंड के कोठिया वार्ड 7 के रहने वाले विजय साह, उनकी पत्नी कृष्णा देवी और बेटी सुरुचि कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई। यह खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और घर में घंटों से चूल्हा नहीं जला है।

कुंभ स्नान के लिए निकले थे, लेकिन लौटे नहीं:

परिजनों के मुताबिक, विजय साह और कृष्णा देवी 7 फरवरी को दिल्ली गए थे, जहां उनका बेटा रहता था। उन्होंने अपनी 11 वर्षीय नातिन सुरुचि को भी साथ लिया और कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज के लिए रवाना हो रहे थे। लेकिन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अचानक बढ़ी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें तीनों की जान चली गई।

प्लेटफार्म बदलने से मची भगदड़!

स्टेशन पर मौजूद कुलियों और यात्रियों के अनुसार, रेलवे प्रशासन ने अंतिम समय में एक ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदल दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और भगदड़ में कई लोग घायल हो गए। परिजनों ने रेलवे प्रशासन को इस हादसे के लिए पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया है।

रेलवे से मुआवजे और नौकरी की मांग:

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने रेलवे और केंद्र सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुंभ स्नान के लिए लाखों श्रद्धालु यात्रा कर रहे हैं, लेकिन रेलवे ने कोई ठोस व्यवस्था नहीं की। परिजनों ने रेलवे से मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग की है।

गांव में पसरा मातम, शव के पहुंचने का इंतजार:

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों की भीड़ पीड़ित परिवार के घर उमड़ पड़ी है। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात तक मृतकों के शव समस्तीपुर पहुंच सकते हैं।

#DelhiStampede #Samastipur #RailwayNegligence #KumbhMela #TragicIncident #FamilyMourning