-सभी जिलों में बनेगा खनन कार्यालय का नया भवन, विभाग ने तैयार किया नक्शा
मुजफ्फरपुर। राज्य के सभी जिलों में खनन कार्यालय के लिए नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। खान एवं भूतत्व विभाग ने इस दिशा में पहल करते हुए निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। विभाग की ओर से प्रस्तावित भवन का नक्शा तैयार कर सभी जिलाधिकारियों को उपलब्ध करा दिया गया है।
नए खनन कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 115 फीट लंबी और 110 फीट चौड़ी भूमि की आवश्यकता होगी। विभाग ने जिलाधिकारियों से इसके लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित करने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा है।

बताया गया कि राज्य के कुछ जिलों में वर्तमान में खनन कार्यालय का संचालन दूसरे सरकारी अथवा किराये के भवनों से किया जा रहा है। वहीं, जिन जिलों में खनन कार्यालय अपने सरकारी भवन से संचालित हो रहा है, वहां भी कई भवन काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। इससे कार्यालय के कामकाज में परेशानी होने के साथ-साथ कर्मचारियों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
नए भवन के निर्माण से खनन विभाग के कार्यालयों को बेहतर आधारभूत सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। एक निर्धारित प्रारूप के अनुसार भवन बनने से कार्यालय के संचालन, रिकॉर्ड के रखरखाव और विभागीय कार्यों में भी सुविधा होने की उम्मीद है।
विभाग की योजना के तहत सभी जिलों में खनन कार्यालय के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इससे वर्षों पुराने और जर्जर भवनों में संचालित हो रहे खनन कार्यालयों को नया और व्यवस्थित ठिकाना मिल सकेगा।












