Advertisement

सड़क किनारे कचरा फेंकने से ग्रामीण परेशान, दुर्गंध से राहगीरों का चलना मुश्किल

-सड़क किनारे कचरा फेंकने से ग्रामीण परेशान, दुर्गंध से राहगीरों का चलना मुश्किल

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। बराटी थाना क्षेत्र की बहुआरा पंचायत के रंदाहा पूर्वी वार्ड संख्या 14 में सड़क किनारे कचरा फेंके जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। कचरे से फैल रही दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत में कचरे के उचित निस्तारण के लिए कचरा भवन का निर्माण कराया गया है। इसके बावजूद स्वच्छता कर्मियों द्वारा पंचायत के विभिन्न वार्डों से एकत्रित कचरे को कचरा भवन में डालने के बजाय सड़क किनारे स्थित गड्ढे में फेंक दिया जाता है। इससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते से प्रतिदिन विद्यालय के दर्जनों बच्चे आते-जाते हैं। इसके अलावा ग्रामीणों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। दुर्गंध के कारण लोगों को नाक पर कपड़ा रखकर आवागमन करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर पंचायत की मुखिया अर्चना देवी से कई बार शिकायत की है और स्वच्छता कर्मियों को कचरा निर्धारित कचरा भवन में डालने का निर्देश देने की मांग की है। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
इससे नाराज सामाजिक कार्यकर्ता सह अधिवक्ता सुरेश प्रसाद सिंह, जयप्रकाश सिंह, उमेश राय, राजेश कुमार, दिनेश कुमार एवं रंजीत कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने वैशाली के जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। ग्रामीणों ने सड़क किनारे कचरा फेंकने पर रोक लगाने, कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।