चंपारण की खबर::
-श्रावणी मेला में भक्तों की सुरक्षा और सुविधा का रखा जा रहा है ख्याल: डीएम
– मेला का किया शुभारंभ, सोमेश्वर नाथ महादेव के दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी
मोतिहारी/ राजन द्विवेदी।
श्रावण मास के शुभारंभ के अवसर पर जिले के प्रसिद्ध सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर अरेराज में श्रावणी मेला का शुभारंभ जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल, एसपी कांतेश कुमार मिश्रा, एमएलसी महेश्वर सिंह, विधायक सुनील मणि तिवारी, शालिनी मिश्रा एवं महामंडलेश्वर अरेराज मंदिर के महंत रविशंकर गिरि ने संयुक्त रूप से किया। इसके पूर्व सभी अतिथियों ने सोमेश्वर नाथ महादेव का विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना करते हुए समस्त लोगों के कल्याण की कामना किए। जिलाधिकारी ने कहा कि भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक करने एवं मेले में आने वाले सभी श्रद्धालु भक्तों की सुरक्षा और सुविधा का ख्याल रखा जा रहा है। इसके लिए जगह जगह पदाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहेंगे।

आचार्य दयाशंकर पांडेय ने बताया कि हिंदू धर्म के मान्य पंचांग के अनुसार इस साल श्रावण मास 4 जुलाई से शुरू होकर 31 अगस्त तक रहेगा। इस साल सावन 59 दिनों का है। इसी में इस साल 19 वर्ष के बाद मलमास लग रहा है। जिससे इस श्रावण मास का महात्म्य और बढ़ गया है। इस मलमास के दौरान भोलेनाथ की पूजा करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। वहीं आज श्रावण मास के प्रारंभ होते ही जिले के सभी शिवालयों में सुबह से ही महादेव पर जलाभिषेक और पूजा अर्चना करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों के आसपास मेला सा लगा हुआ है।












