Advertisement

श्याम नंदन सहाय महाविद्यालय में शिक्षकों का सांकेतिक धरना

-श्याम नंदन सहाय महाविद्यालय में शिक्षकों का सांकेतिक धरना

-15 दिन में वेतन वृद्धि नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

मुजफ्फरपुर। श्याम नंदन सहाय महाविद्यालय में सोमवार को शिक्षकों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया। शिक्षक प्रतिनिधि (टीआर) एवं शासी निकाय सदस्य प्रो. डॉ. राजीव कुमार के नेतृत्व में आयोजित धरने में शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि करने की मांग की गई। शिक्षकों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई को देखते हुए वेतन वृद्धि अब आवश्यक हो गई है।

धरने को संबोधित करते हुए प्रो. डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि प्रभारी प्राध्यापक को शिक्षकों की मांग पर जल्द निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिनों के अंदर वेतन वृद्धि को लेकर सकारात्मक पहल नहीं की गई तो शिक्षक व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होंगे। आंदोलन के अगले चरण में आमरण अनशन के साथ प्रभारी प्राध्यापक का घेराव भी किया जाएगा।

शिक्षकों ने कहा कि फिलहाल सांकेतिक धरने के माध्यम से अपनी मांग अधिकारियों तक पहुंचाई गई है। उनका कहना है कि महाविद्यालय के प्रभारी प्राध्यापक फरवरी 2017 से पद पर हैं। धरना दे रहे शिक्षकों ने बिहार सरकार के शिक्षा विभाग की ओर से वर्ष 2019 में जारी पत्र का भी हवाला दिया।

शिक्षकों के अनुसार, उक्त पत्र में महाविद्यालय की आय में से 70 प्रतिशत राशि शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन पर तथा 30 प्रतिशत राशि विकास मद में खर्च करने का प्रावधान बताया गया था। शिक्षकों का आरोप है कि इस व्यवस्था के अनुरूप वेतन वृद्धि नहीं की जा रही है। उन्होंने इसे सरकार के आदेश का उल्लंघन बताते हुए महाविद्यालय की आय और वेतन व्यवस्था पर स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की।

धरने पर बैठे शिक्षकों ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा वेतन से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने प्रभारी प्राध्यापक से जल्द वेतन वृद्धि की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांग पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

धरने में डॉ. अपर्णा, डॉ. अप्रिता कुमारी, डॉ. रंजना कुमारी, डॉ. शांभवी श्रीवास्तव, डॉ. रंजन शर्मा, डॉ. वंदना कुमारी, डॉ. अमिता रंजन, डॉ. कुमारी संगीता, डॉ. सुकन्या झा, डॉ. संगीता कुमारी, डॉ. सुषमा भारती, डॉ. कल्पना, डॉ. रेणु, डॉ. रूबी सिन्हा, डॉ. सलोनी भारती, डॉ. जया भारती, डॉ. रीता श्रीवास्तव, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. राकेश कुमार मिश्रा, डॉ. राजन कुमार, मो. सहाबुद्दीन हैदर, डॉ. मनीष कृष्ण, प्रो. रविंद्र कुमार सिंह और डॉ. सुनील सिन्हा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।