Advertisement

शहीद कुंदन कुमार के घर मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

-शहीद कुंदन कुमार के घर मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)।
राजापाकर प्रखंड के गौसपुर बरियारपुर पंचायत निवासी नंदकिशोर सिंह के पुत्र एवं भारतीय सेना में कार्यरत कुंदन कुमार के शहीद होने की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शहीद के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां और पत्नी वेशुद्ध होकर बार-बार बेहोश हो जा रही हैं।

सेना के अधिकारियों ने परिजनों को बताया कि शहीद कुंदन का पार्थिव शरीर कल सुबह 8 बजे गौसपुर स्थित उनके घर लाया जाएगा।

घटना की जानकारी पाकर स्थानीय विधायक प्रतिमा कुमारी शहीद के घर पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया और सरकार से परिजनों को हरसंभव आर्थिक सहायता देने की मांग की। शहीद की पत्नी रोते हुए विधायक से लिपट गई, जिसे उन्होंने समझाने का प्रयास किया।

पूरे दिन गांव में रिश्तेदारों और ग्रामीणों का जमावड़ा लगा रहा। जो भी लोग पहुंचे उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और शोक संवेदना व्यक्त की। परिजन और ग्रामीण अब बेसब्री से शहीद कुंदन के पार्थिव शरीर के गांव आने का इंतजार कर रहे हैं।

शहीद के माता-पिता, भाई और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग कुंदन के बलिदान को सलाम कर रहे हैं और शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।