-शराब बिक्री को लेकर काजीपुर में दो युवकों को मारी गोली, एक की मौत; पड़ोसी ने ही रची थी साजिश
पटना ।संवाददाता।
पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र के काजीपुर रोड नंबर चार में शनिवार की रात शराब की बिक्री करने को लेकर हुई आपसी विवाद में दो युवकों को गोली मार दी गई। इसमें राजू यादव (45 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि दूसरा राजू यादव उर्फ राजू बौना (37 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है। उसका पीएमसीएच के आइसीयू में इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही थानेदार बिमलेंदु कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। छानबीन में मालूम हुआ कि सफेद रंग की आपचे बाइक सवार दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि, साजिश मृत राजू यादव के घर के सामने रहने वाले पप्पू ने रची थी। पुलिस ने उसके घर दबिश दी, लेकिन वह फरार था।
घटना का कारण शराब बिक्री को लेकर वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है। थानेदार ने बताया कि मृत राजू यादव और पप्पू दोनों ही पूर्व में शराब मामले में जेल जा चुके हैं। पप्पू समेत हमलावरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

बताया जाता है कि राजू यादव क्वार्टर नंबर एक और राजू बौना क्वार्टर नंबर दो में रहते हैं। राजू यादव चाय पीने के लिए घर के पास ही दुकान पर गए थे। इस बीच बाइक सवार अपराधियों ने हमला बोल दिया। उनकी बांह में एक और पेट में दो गोलियां दाग दीं।
फायरिंग की आवाज सुनकर राजू बौना उन्हें बचाने के लिए दौड़ा तो हमलावरों ने उस पर भी फायरिंग की। एक गोली पेट में लगते ही राजू जमीन पर गिर गया, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। राजू बौना पानी का व्यवसायी करता है। सूत्रों की मानें तो अपराधी पहले से घात लगाए बैठे थे।
सूत्रों की मानें तो राजू यादव और पप्पू व उसके साथी सप्पू के बीच में शराब की बिक्री को लेकर 15 दिन पहले विवाद हुआ था। लगातार पुलिस की दबिश बढ़ने के कारण दोनों कदमकुआं इलाके में शराब बेच नहीं पा रहे थे। इस कारण दोनों को एक-दूसरे पर मुखबिरी करने का संदेह था।
अब तक की छानबीन में पुलिस को जानकारी मिली कि इसी संदेह की वजह से पप्पू और सप्पू ने राजू यादव की हत्या की साजिश रची थी। वह इलाके में एकछत्र राज कायम करना चाहता था।
मृत राजू यादव की पहली पत्नी का देहांत हो गया था। उसने पांच वर्ष पहले खेमनीचक की युवती से दूसरी शादी की थी। राजू की बेटी इंस्टाग्राम पर प्रसिद्ध है। उसके डेढ़ लाख से अधिक फालोअर्स हैं। इसको लेकर उसकी बेटी काफी चर्चा में आई थी।हालांकि, दूसरी शादी के बाद से राजू और उसके परिवारवालों में थोड़ा मनमुटाव था। पुलिस इस बिंदु पर भी छानबीन कर रही है कि पप्पू ने स्वयं लाइनर की भूमिका निभाई थी या इसमें किसी करीबी का हाथ है।
नागा बाबा ठाकुरबाड़ी रोड में मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान चलाने वाले रमेश प्रसाद उर्फ बबलू उर्फ मनोज की गोली मारकर हत्या करने की गुत्थी अब तक नहीं सुलझी। इसमें बेउर जेल में कैद एक कुख्यात का नाम सामने आया था। वह इस हत्याकांड का मास्टर माइंड बताया जा रहा है, लेकिन शूटरों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। इस घटना का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है।
















