Advertisement

शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, हिरासत में लिया आरोपी छुड़ाया

-शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, हिरासत में लिया आरोपी छुड़ाया

मुजफ्फरपुर/सकरा। शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की कर हिरासत में लिए गए एक आरोपी को छुड़ाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में उत्पाद विभाग के अधिकारी ने सकरा थाने में पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त को उत्पाद विभाग की टीम एएसआई उपेंद्र मंडल के नेतृत्व में सकरा थाना क्षेत्र के रूपानपट्टी चौक पहुंची थी। टीम को इलाके में शराब की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। छापेमारी के दौरान टीम ने विशनपुर बहनगरी निवासी पंकज कुमार को हिरासत में लिया।
बताया गया है कि पंकज कुमार को हिरासत में लिए जाने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। आरोप है कि भीड़ ने उत्पाद विभाग की टीम के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की। इस दौरान सरकारी कार्रवाई में बाधा डालते हुए हिरासत में लिए गए पंकज कुमार को टीम के कब्जे से छुड़ा लिया गया।


घटना के बाद उत्पाद विभाग की टीम किसी तरह मौके से निकलकर सकरा थाना पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने तक मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो चुके थे।
प्राथमिकी में रूपनपट्टी निवासी अरविंद मिश्रा समेत पांच लोगों को नामजद किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, अरविंद मिश्रा वर्तमान में दरभंगा जिले में डायल-112 की गाड़ी पर चालक के रूप में कार्यरत हैं और घटना के समय मौके पर मौजूद थे। हालांकि, लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी समेत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।