-शराब तस्कर के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, चौकीदार की एड़ी की हड्डी टूटी
दीपक कुमार/मुजफ्फरपुर। शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमले की सनसनीखेज घटना औराई थाना क्षेत्र के सरहचिया गांव में सामने आई है। शुक्रवार दोपहर कथित शराब तस्कर ने पुलिस के साथ मौजूद चौकीदार मोहम्मद जैनुल पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके दाहिने पैर की एड़ी की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत में उन्हें एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम धारा 41 के तहत जमानती वारंट के सिलसिले में आरोपी के संबंध में जानकारी लेने गांव पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस की नजर कथित शराब तस्कर सुभाष बैठा पर पड़ी। बताया जा रहा है कि वह बाइक से शराब की डिलीवरी करने जा रहा था और बाइक की डिक्की में शराब रखी थी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक लेकर भागने लगा।

पुलिस टीम और चौकीदार ने उसका पीछा किया। भागते हुए आरोपी पास के एक गैरेज में घुस गया और वहां से लोहे की रॉड उठा ली। चौकीदार मोहम्मद जैनुल ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनके पैर पर रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में उनकी एड़ी की हड्डी टूट गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और शराब तस्करी से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, घटना ने पुलिस कार्रवाई की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि घटनास्थल से करीब सात किलोमीटर की दूरी पर ओपी और डायल-112 की टीम उपलब्ध थी। इसके बावजूद कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल क्यों नहीं बुलाया गया, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं। संवेदनशील कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी और रणनीति को लेकर अब पुलिस अधिकारियों से समीक्षा की उम्मीद की जा रही है।











