Advertisement

वैशाली के राघोपुर में बाढ़ से हाहाकार, कई गांव पानी से घिरे, नाव की कमी से बढ़ी परेशानी

-वैशाली के राघोपुर में बाढ़ से हाहाकार, कई गांव पानी से घिरे, नाव की कमी से बढ़ी परेशानी

पटना/वैशाली(दीपक)। वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गंगा नदी के बढ़े जलस्तर के कारण राघोपुर क्षेत्र के कई गांव पूरी तरह पानी से घिर गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के कारण लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है और आवागमन की समस्या सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।
राघोपुर, पहाड़पुर, जुड़ावनपुर, फतेहपुर, नगरगामा समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। ग्रामीणों के अनुसार कई जगहों पर लोगों को जरूरी काम के लिए भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राहत और बचाव के लिए पर्याप्त नाव उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई है।


ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की समस्याएं सुनने और तत्काल मदद पहुंचाने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि मौके पर पर्याप्त रूप से नजर नहीं आ रहा है। लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए नाव का इंतजार करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाढ़ प्रभावित पंचायतों में तत्काल पर्याप्त संख्या में नावों का परिचालन कराया जाए तथा जरूरतमंद परिवारों तक भोजन, पेयजल, दवा और अन्य जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई जाए। लोगों का कहना है कि गंगा के बढ़ते पानी को देखते हुए यदि समय रहते राहत-बचाव की व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।