Advertisement

शिवदाहा में धूमधाम से मनाया जा रहा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, रामजानकी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

-शिवदाहा में धूमधाम से मनाया जा रहा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, रामजानकी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

गायघाट। गायघाट प्रखंड के शिवदाहा स्थित ऐतिहासिक रामजानकी मंदिर परिसर इन दिनों भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और उल्लास से सराबोर है। श्री श्री 108 नवयुवक कृष्ण जन्माष्टमी पूजा समिति, शिवदाहा की ओर से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य मेले का भी आयोजन किया गया है, जिसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

जन्मोत्सव को लेकर पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है। सुबह से ही भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और धार्मिक अनुष्ठानों से माहौल भक्तिमय बना हुआ है।

पूजा समिति के अध्यक्ष सिन्टू कुमार उपाध्याय ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण का दर्शन-पूजन कर रहे हैं। आयोजन को लेकर समिति के सदस्य भी पूरी तरह सक्रिय हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।

जन्माष्टमी के साथ आयोजित मेले में भी लोगों की जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिल रही है। बच्चों के लिए तरह-तरह के झूले और खिलौनों की दुकानें लगाई गई हैं। वहीं मिठाई और अन्य सामान की दुकानें भी मेले की रौनक बढ़ा रही हैं। स्थानीय लोगों के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ मेले में पहुंच रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवदाहा के रामजानकी मंदिर परिसर में आयोजित यह जन्मोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक मेल-जोल का भी प्रमुख अवसर बन गया है। पूजा समिति के सदस्यों ने कहा कि इस तरह के आयोजन आपसी भाईचारे और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मंदिर परिसर में भक्ति, आस्था और मनोरंजन का यह संगम लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।