-वैशाली में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3 चोरी की अपाचे बाइक के साथ 4 शातिर गिरफ्तार
वैशाली। जिले के सराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की तीन अपाचे बाइक तथा कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सराय थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को दबोच लिया।

मामले की जानकारी देते हुए सदर-2 के एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी संगठित तरीके से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने उनके पास से चोरी की तीन अपाचे मोटरसाइकिलें और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों के संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई को वाहन चोरी के विरुद्ध पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।













