-लापता बीए छात्र अजय कुमार का बूढ़ी गंडक में मिला शव, चंदवारा घाट पर मिली थी चप्पल
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र से लापता 21 वर्षीय बीए छात्र अजय कुमार का शव बुधवार सुबह बूढ़ी गंडक नदी से बरामद किया गया। राजा पुनास इलाके में एसडीआरएफ की टीम ने खोजबीन के दौरान शव को नदी से बाहर निकाला। अजय अहियापुर थाना क्षेत्र के नजीरपुर निवासी बेनी पासवान का पुत्र था। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, अजय पिछले दो-तीन दिनों से बीमार चल रहा था और किसी बात को लेकर परेशान भी था। इसी बीच वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान चंदवारा बूढ़ी गंडक नदी घाट पुल के पास उसकी चप्पल मिलने की जानकारी मिली। चप्पल देखकर परिजनों ने उसके नदी में जाने की आशंका जताई।
इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से नदी में उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के लिए गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया। बुधवार सुबह राजा पुनास इलाके में एसडीआरएफ की टीम ने अजय का शव बरामद कर लिया।

हालांकि, अजय की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। परिजनों की ओर से अब यह भी दावा किया जा रहा है कि अजय की मौत नदी में नहाने के दौरान डूबने से हुई। वहीं, इससे पहले उसके मानसिक रूप से परेशान होने और नदी में चले जाने की आशंका जताई गई थी। ऐसे में मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
अहियापुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अजय नदी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। छात्र का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में भी शोक का माहौल है।











