Advertisement

रामपट्टी में नदी का तांडव, भीषण कटाव से ग्रामीणों में दहशत; घरों पर मंडराया संकट

-रामपट्टी में नदी का तांडव, भीषण कटाव से ग्रामीणों में दहशत; घरों पर मंडराया संकट

दीपक कुमार/गायघाट। बेनीबाद क्षेत्र की केवटसा पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित रामपट्टी के पासवान और यादव टोला में नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के बाद तेज कटाव शुरू हो गया है। नदी के रौद्र रूप से तटीय इलाकों की जमीन तेजी से नदी में समाने लगी है। कटाव की रफ्तार को देखते हुए ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और कई घरों पर संकट मंडराने लगा है।
ग्रामीणों के अनुसार जलस्तर बढ़ने के साथ ही नदी की धारा तेज हो गई है। रामपट्टी के पासवान और यादव टोला के समीप तटवर्ती जमीन तेजी से कट रही है। यदि समय रहते कटाव पर रोक नहीं लगाई गई तो आसपास के घरों और लोगों की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पंचायत समिति सदस्य के पति महेश्वर कुमार राय ने मौके पर पहुंचकर कटाव स्थल का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और नदी के बढ़ते जलस्तर तथा कटाव की स्थिति का निरीक्षण किया।


महेश्वर कुमार राय ने बताया कि रामपट्टी वार्ड संख्या-5 में नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण तेजी से कटाव हो रहा है। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और अंचल प्रशासन को इसकी सूचना दे दी है। साथ ही तटीय इलाकों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल कटावरोधी कार्य यानी फ्लड फाइटिंग शुरू कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि समय रहते कटावरोधी उपाय नहीं किए गए तो कई परिवारों के सामने घर-बार बचाने का संकट खड़ा हो सकता है। ग्रामीण भी प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल रामपट्टी के पासवान और यादव टोला के ग्रामीण नदी के बढ़ते जलस्तर और कटाव को लेकर भय के माहौल में हैं। ग्रामीणों की नजर अब प्रशासन और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की कार्रवाई पर टिकी है।