Advertisement

राज्य खेल अकादमी राजगीर को एशियाई हॉकी महासंघ की मान्यता मिलेगी : डॉ. तैयब एकराम

-राज्य खेल अकादमी राजगीर को एशियाई हॉकी महासंघ की मान्यता मिलेगी : डॉ. तैयब एकराम

पटना। ब्यूरो।

बिहार के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में राज्य खेल अकादमी राजगीर को जल्द ही एशियाई हॉकी महासंघ की मान्यता मिलेगी और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ इसका समर्थन करेगा। यह घोषणा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष डॉ. तैयब एकराम ने शनिवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में आयोजित विचार गोष्ठी “ग्रासरूट टू ग्लोरी – ऑल अबाउट हॉकी” के दौरान की।

इस मौके पर बिहार और भारत में हॉकी के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई। महिला हॉकी की प्रगति, खेल विज्ञान और तकनीकी का महत्व, प्रशिक्षकों की भूमिका और बुनियादी स्तर पर मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने विचार रखे।

कार्यक्रम का संचालन बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने किया। चर्चा के दौरान जब श्री शंकरण ने भारतीय प्रशिक्षकों की कमी पर प्रश्न किया तो डॉ. तैयब ने कहा—
“एशिया में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें पहचानने और उचित सुविधाएं देने की।”

उन्होंने ग्रासरूट टू ग्लोरी के विचार की सराहना करते हुए कहा कि टॉप लेवल से लेकर बुनियादी स्तर तक सोच और खेल दर्शन में बदलाव जरूरी है, तभी असली प्रतिभा उभर सकेगी।

श्री शंकरण ने कहा कि बिहार सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी, पुरस्कार और आर्थिक सहयोग देने के साथ-साथ सरकार प्रेरणा योजना के तहत 3 लाख रुपये तक की सहायता प्रशिक्षण और पोषण पर खर्च करने के लिए उपलब्ध करा रही है।

कार्यक्रम में भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व खिलाड़ी प्रीतम रानी ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। वहीं हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों को अपनी मेहनत और खेल पर भरोसा रखना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन इस समय राजगीर खेल परिसर में 29 अगस्त से 7 सितंबर तक हो रहा है। आज अवकाश होने के कारण कोई मैच निर्धारित नहीं था, इसलिए इस विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।