-राजेंद्र पुल के समानांतर नए रेल पुल पर प्री-एनआई कार्यों का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण
हाजीपुर, 28 सितंबर। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने सोमवार को राजेंद्र पुल, मोकामा के समानांतर नवनिर्मित नए रेल पुल से परिचालन शुरू करने के उद्देश्य से चल रहे प्री-एनआई कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गढ़हरा एवं दिनकर ग्राम सिमरिया के बीच चल रहे कट एंड कनेक्शन कार्यों का जायजा लिया।
महाप्रबंधक ने समपार संख्या 2 एनबी के समीप रिले हट एवं यार्ड रीमॉडलिंग स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित एजेंसियों के साथ-साथ दानापुर और सोनपुर मंडल की टीमों के साथ एनआई कार्यों की समीक्षा की और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार सहित पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, दोनों मंडलों और इरकॉन के अधिकारी मौजूद रहे।

नया रेल पुल वर्तमान राजेंद्र पुल के समानांतर पटना छोर की ओर करीब 50 मीटर की दूरी पर बनाया गया है। इस पर दोहरी रेल लाइन का निर्माण किया गया है। करीब 15.5 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट में गंगा नदी पर 1.9 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल शामिल है, जिसमें 17 स्टील स्पैन हैं। इसके अलावा 3.6 किलोमीटर रेल वायडक्ट एवं बड़े पुल, आठ लघु पुल, दो सड़क उपरि पुल तथा तीन रेल ओवर रेल का निर्माण किया गया है।
नए पुल की संरचना इस प्रकार तैयार की गई है कि मौजूदा पुल के एप्रोच में न्यूनतम बदलाव करना पड़े। पुल के उत्तर और दक्षिण छोर मौजूदा रेल नेटवर्क से जुड़े रहेंगे। उत्तर दिशा में हाथीदह, टाल और रामपुर डुमरा तथा दक्षिण दिशा में राजेंद्रपुल और बरौनी स्टेशन इससे जुड़े होंगे।
नए पुल से रेल परिचालन शुरू होने के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार के साथ-साथ पूर्वोत्तर क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क और मजबूत होने की उम्मीद है। इससे यात्री एवं मालगाड़ियों के परिचालन में सुधार के साथ माल ढुलाई के समय और लागत में भी कमी आने की संभावना है। इसका लाभ व्यापार, उद्योग और आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही को मिलेगा।












