-कृषक गोष्ठी में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की दी गई जानकारी
मुजफ्फरपुर/गायघाट। कृषि विभाग की ओर से सोमवार को गायघाट प्रखंड कृषि कार्यालय के सभागार में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उप परियोजना निदेशक, आत्मा विनोद कुमार सिंह, एनआरसी लीची के वैज्ञानिक डॉ. शमशेर सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक कुमार तथा आत्मा की प्रखंड पदाधिकारी कविता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
गोष्ठी में किसानों को धान एवं मक्का की वैज्ञानिक खेती के साथ फसल विविधीकरण और आत्मा कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को लीची सहित अन्य फलदार फसलों की खेती, सब्जी उत्पादन, मछली पालन, मुर्गी पालन और बत्तख पालन को अपनाकर आय बढ़ाने के उपाय बताए।

कृषि वैज्ञानिक डॉ. शमशेर सिंह ने फसलों में लगने वाले विभिन्न कीट एवं व्याधियों की पहचान, उनकी रोकथाम तथा उचित कीट-व्याधि प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से कृषि में वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रखंड तकनीकी प्रबंधक राजन झा, सहायक तकनीकी प्रबंधक सुरेश कुमार सहित किसान सलाहकार ओमप्रकाश कंचन, सुनील कुमार, ब्रजकिशोर प्रसाद, संजीव कुमार, विनोद कुमार, दीपक कुमार, श्याम किशोर, परशुराम कुमार, राजेश कुमार, नरेश कुमार, गौरव कुमार, कन्हैया कुमार, संजय पासवान, विमलेश साहनी, विनय कुमार, रामाशंकर पाण्डेय एवं भूषण कुमार समेत बड़ी संख्या में किसान और कृषि कर्मी मौजूद रहे।
गोष्ठी का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों, फसल विविधीकरण तथा कृषि आधारित वैकल्पिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करना और उनकी आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना रहा।












