-राजापाकर में 125 यूनिट फ्री बिजली योजना का प्रचार, 12 अगस्त को सीधा संवाद करेंगे मुख्यमंत्री
राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)।
विद्युत विभाग द्वारा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर कैंप लगाकर सरकार की 125 यूनिट निशुल्क बिजली योजना का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 125 यूनिट तक बिजली पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।
कनीय विद्युत अभियंता राजापाकर, विक्रम कुमार ने बताया कि 1 अगस्त 2025 से जुलाई माह की बिजली खपत के आधार पर उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिलना शुरू हो गया है। लोगों को योजना की संपूर्ण जानकारी देने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 12 अगस्त को “विद्युत उपभोक्ता संवाद कार्यक्रम” के तहत राज्यभर के उपभोक्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। संवाद का उद्देश्य योजना के विभिन्न पहलुओं को स्पष्ट रूप से समझाना और उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान करना है।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए राजापाकर विद्युत आपूर्ति शाखा में चार संवाद स्थल तय किए गए हैं —
1. राजापाकर प्रखंड परिसर कार्यालय
2. बैकुंठपुर पंचायत भवन
3. प्रिंस ढाबा, बैद्यनाथपुर
4. करणपुरा उच्च विद्यालय खेल मैदान
संवाद कार्यक्रम के दौरान सभी स्थलों पर एलईडी स्क्रीन, प्रोजेक्टर और टीवी की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि योजना की जानकारी जन-जन तक पहुंचे और राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ता इसका लाभ उठा सकें।











