-राजापाकर में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न — 63% मतदाताओं ने किया लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी
राजापाकर। संजय श्रीवास्तव की रिपोर्ट।
राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर गुरुवार को विधानसभा चुनाव के तहत शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हुआ। पूरे दिन कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। राजापाकर विधानसभा क्षेत्र के 14 प्रत्याशियों का भाग्य अब ईवीएम में बंद हो गया है, जिसका फैसला 14 नवंबर को मतगणना के बाद होगा।
सुबह 7 बजे से ही मतदाताओं की लंबी कतारें बूथों पर दिखाई दीं। दोपहर 12 बजे तक लगभग 40% मतदान हो चुका था। वहीं शाम 6 बजे तक तीनों प्रखंडों — देसरी, सहदेई एवं राजापाकर में कुल 63% वोटिंग दर्ज की गई।
महिलाओं ने दिखाई उत्साह:
मध्य विद्यालय सूरतपुर कन्या परिसर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुमार सौरभ अपनी पत्नी जिला परिषद गुंजा कुमारी के साथ मतदान करने पहुंचे। दोनों ने मतदान के बाद सेल्फी लेकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।

दिव्यांग एवं वृद्ध मतदाताओं के लिए सुविधा का अभाव:
कई बूथों पर व्हीलचेयर की व्यवस्था नहीं देखी गई।
राजकीय मध्य विद्यालय बेलकुंडा (बूथ संख्या 38/39) पर सुविधा के अभाव में वृद्धजन को परिजनों ने गोद में उठाकर बूथ तक पहुंचाया।
राजकीय मध्य विद्यालय राजापाकर बंघारा (बूथ संख्या 79/80) पर 80 वर्षीय सीताराम राय और 75 वर्षीय सोना देवी को स्काउट-गाइड के सदस्यों ने सहारा देकर मतदान केंद्र तक पहुंचाया।
लंबी कतारों में जुटे मतदाता:
राजकीय प्राथमिक विद्यालय बैकुंठपुर (बूथ संख्या 85/86) पर शाम 6 बजे तक मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। महिला और पुरुष दोनों में उत्साह चरम पर रहा।
कंट्रोल रूम से निगरानी:
राजापाकर प्रखंड कार्यालय सभागार में कंट्रोल रूम बनाया गया था, जहाँ
आरओ सह डीसीएलआर मनार मेघा कश्यप, एआरओ सह बीडीओ सूर्य प्रताप सिंह, तथा कर्मी सुनील कुमार, दिलीप कुमार, पंकज कुमार, नितीश कुमार सहित अन्य अधिकारी मतदान की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए थे।
प्रत्येक घंटे पर मतदान प्रतिशत की रिपोर्ट कंट्रोल रूम में प्राप्त की जा रही थी।












