-राजापाकर में विधायक प्रतिमा कुमारी की प्रेस वार्ता: कार्यकाल के विकास कार्यों का किया ब्योरा, अधूरे कार्यों को 2025 में पूरा करने का दावा
राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)।
स्थानीय विधायक प्रतिमा कुमारी ने शनिवार को राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के शनिचर हाट चौक स्थित जनता पुस्तकालय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने मीडिया कर्मियों से संवाद करते हुए कहा कि राजापाकर की जनता ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी थी, उसे उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया है।
विधायक ने बताया कि उनके प्रयास से क्षेत्र में सड़क नेटवर्क का विस्तार हुआ है, कई पुल-पुलियों का निर्माण कराया गया, विद्यालय भवनों की मरम्मत एवं निर्माण के साथ-साथ अन्य आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है।
प्रेस वार्ता में उठे जनसमस्याओं के मुद्दे:
मीडिया द्वारा जब घाघरा नहर की सफाई को लेकर सवाल किया गया तो विधायक ने बताया कि “घाघरा नहर की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) बन चुकी है, और कार्य शीघ्र ही शुरू होगा।”

प्रखंड कार्यालय के भवन की कमी पर उन्होंने कहा कि “विधानसभा चुनाव के बाद यदि महागठबंधन की सरकार बनती है, तो भव्य प्रखंड कार्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा।”
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर तक सड़क नहीं होने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि “यहां निजी रैयतों की ज़मीन बाधा बनी हुई है, सरकार या प्रशासन यदि चाहें तो अधिग्रहण की प्रक्रिया से यह समस्या हल हो सकती है। लेकिन फिलहाल दोनों की ही उदासीनता इस दिशा में आड़े आ रही है।”
2025 में अधूरे कार्य पूरे करने का दावा:
प्रेस वार्ता के अंत में विधायक ने सहदेई बुजुर्ग एवं देसरी प्रखंड में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ कार्य अधूरे रह गए हैं, जिन्हें 2025 में महागठबंधन की सरकार बनने पर प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
जनता के प्रति जताया आभार:
उन्होंने राजापाकर की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आप सभी के सहयोग से हम अपने क्षेत्र को विकास के पथ पर आगे ले जा रहे हैं। आने वाले समय में भी आपका विश्वास बनाए रखें, यही मेरी कामना है।”











