-राजापाकर में मेगा हेल्थ सेमिनार आयोजित, दर्जनों लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच व दवा वितरण
राजापाकर (वैशाली)। प्रखंड मुख्यालय स्थित राजापाकर भुवनेश्वर चौक के सामुदायिक भवन परिसर में मेगा हेल्थ सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दर्जनों महिला एवं पुरुषों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार मुफ्त दवाओं का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के आयोजक मुस्तफा आलम उर्फ मुन्ना जी ने कहा कि बेहतर जीवन के लिए स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन का होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बीमारियों से बचाव, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन तथा नियमित दिनचर्या अपनाकर स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।

सेमिनार में चिकित्सकों की टीम ने लोगों का हीमोग्लोबिन, रक्तचाप (बीपी), वजन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए। जांच के बाद मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सलाह भी दी गई।
चिकित्सकों ने विशेष रूप से युवाओं को बाजार में मिलने वाले फास्ट फूड से दूरी बनाने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसे खाद्य पदार्थ कई गंभीर बीमारियों का कारण बनते हैं। उन्होंने नियमित व्यायाम, पौष्टिक भोजन और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया, ताकि लोग लंबे समय तक स्वस्थ रह सकें।
महिलाओं को भी समय पर भोजन करने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी गई। चिकित्सकों ने कहा कि अनियमित खानपान कई स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म देता है, जबकि संतुलित दिनचर्या और समय पर भोजन से अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक मुस्तफा आलम उर्फ मुन्ना जी ने सेमिनार में शामिल सभी लोगों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की तथा भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।












