-मौसम का अचानक मिजाज बदला: आंधी-बारिश से राहत भी, बागवानों को भारी नुकसान
मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक। सोमवार की शाम प्रखंड एवं आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी और बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं बागवानी करने वाले किसानों के लिए यह मौसम आफत बनकर आया। खासकर लीची और आम की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार, बारिश से पहले करीब 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। तेज झोंकों के कारण पेड़ों पर लगे कच्चे लीची और आम बड़ी संख्या में टूटकर जमीन पर गिर गए, जिससे बागवानों की चिंता बढ़ गई है।फल उत्पादक किसानों के अनुसार शाही लीची की फसल पर इसका खासा असर पड़ा है।

मौसम के अचानक बदले मिजाज का असर आम जनजीवन पर भी देखने को मिला। दिन में ही आसमान में घने बादल छा गए और अंधेरा सा माहौल बन गया। हालात ऐसे हो गए कि सड़कों पर चलने वाले वाहनों को हेडलाइट जलानी पड़ी। कई जगहों पर दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला और सड़कों पर सन्नाटा छा गया।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली। हालांकि, किसानों के लिए यह राहत नुकसान की चिंता के बीच फीकी पड़ गई है।











