Advertisement

राजापाकर की चार वार्डों में नल-जल योजना का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों ने बताईं समस्याएं

-राजापाकर की चार वार्डों में नल-जल योजना का अधिकारियों ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों ने बताईं समस्याएं

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर प्रखंड क्षेत्र की राजापाकर दक्षिणी, भलुई एवं जाफरपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या 6, 2, 5 और 12 में संचालित नल-जल योजना का लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण मालती कुमारी श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता (असैनिक) एवं सुश्री हनी सिंह, सहायक अभियंता (असैनिक) द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंप चालकों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर नल-जल योजना के दैनिक संचालन और रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने पंप संचालकों, वार्ड सदस्यों और लाभार्थी ग्रामीणों से योजना के सुचारू संचालन तथा इससे जुड़ी विभिन्न समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।


इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से पानी मिल रहा है, लेकिन कभी-कभी पाइप फटने की समस्या उत्पन्न हो जाती है। ऐसी स्थिति में पीएचईडी के ठेकेदार को फोन करने के बावजूद मरम्मत के लिए समय पर नहीं पहुंचने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की।
इस पर अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही योजना के बेहतर संचालन एवं नियमित रखरखाव पर भी आवश्यक जानकारी साझा की गई।
निरीक्षण कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की कनीय अभियंता अनामिका कुमारी, आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) की ओर से अभिषेक कुमार, मनोहर कुमार, राधाकृष्ण कुमार सहित वार्ड सदस्य, पंप संचालक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।