-मोतिहारी में खाद गोदाम में लगी आग, सैकड़ों बोरा यूरिया जलकर राख
संवाददाता। चंपारण।
पूर्वी चंपारण जिला के कल्याणपुर प्रखंड के एक खाद गोदाम में बीती रात अचानक आग लग गयी . इस घटना में गोदाम में रखा सैकड़ों बोरा यूरिया और स्प्रे मशीन सहित लाखों की संपति जलकर राख हो गई. आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने में सफलता मिली. घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ध्रुव पकड़ी गांव की है.खाद का गोदाम ध्रुव पकड़ी गांव निवासी सरोज सिंह का था. गोदाम उनके घर पर ही था. गोदाम मालिक सरोज सिंह के बेटे लोकेश कुमार ने बताया कि कल ही 200 बोरा यूरिया आया था और उसे गोदाम में रखा गया था. घर के लोग रात में खाना खाकर सोने चले गये.

आधी रात में अचानक से गोदाम में आग लग गई. आग लगने के बाद आसपास के रहने वाले लोग इकट्ठा हुए जिसके बाद कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका.बताया जाता है कि खाद का गोदाम झोपड़ी का बना हुआ था. जिसके चलते आग लगने के साथ तेजी से पूरे में फैल गई और देखते ही देखते कुछ ही देर में पूरा गोदाम आग की जद में आ गया. जबतक लोग मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, तबतक पूरा गोदाम जलकर खाक हो गया. गोदाम मालिक ने घटना की जानकारी पुलिस, अंचलाधिकारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी को दे दी है.
















