Advertisement

मुजफ्फरपुर से दिल्ली रवाना हुई शाही लीची की पहली खेप

-मुजफ्फरपुर से दिल्ली रवाना हुई शाही लीची की पहली खेप

-रेलवे ने खोला किसानों के लिए नया बाजार

मुजफ्फरपुर।संवाददाता।

बिहार की विश्वप्रसिद्ध ‘शाही लीची’ की इस वर्ष की पहली खेप आज मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। ट्रेन संख्या 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के माध्यम से 2 क्विंटल ताजा और उच्च गुणवत्ता वाली लीची भेजी गई, जिससे किसानों को सीधा लाभ और उपभोक्ताओं को ताजगी भरा फल मिल सकेगा।

रेलवे प्रशासन द्वारा इस पहल के तहत किसानों और व्यापारियों को सुलभ परिवहन, पारदर्शी लीजिंग व्यवस्था और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रौशन कुमार ने बताया, “यह केवल शुरुआत है। आने वाले समय में शाही लीची सहित अन्य कृषि उत्पादों को देशभर में पहुँचाने के लिए रेलवे अपनी परिवहन सेवाओं का विस्तार करेगा।”

मुख्य बिंदु:

रेलवे ने ई-नीलामी के माध्यम से पार्सल वैन (VPH) का लीज निष्पादन कर लदान को पारदर्शिता दी।

विभिन्न ट्रेनों जैसे रक्सौल-लोकमान्य तिलक टर्मिनल, सहरसा-एलटीटी एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस में VPH जोड़े जाने पर विचार।

किसानों व व्यापारियों के लिए अस्थायी व स्थायी शेड, डेडीकेटेड पार्सल ऑफिस, पीने का पानी, सुरक्षा और धूप से बचाव की व्यवस्था।

व्यापारियों को स्पेशल परमिट और पार्सल स्कैनिंग में रियायत की सुविधा।

डिजिटल भुगतान से लेन-देन हुआ सरल और पारदर्शी।

इस वर्ष लीची परिवहन का लक्ष्य 1200 टन, जो पिछले वर्ष (635.8 टन) से लगभग दोगुना है।

रेलवे की इस पहल से न केवल मुजफ्फरपुर की लीची को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी, बल्कि कृषि आपूर्ति श्रृंखला को मजबूती और किसानों को बेहतर आमदनी का अवसर मिलेगा।