Advertisement

मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल में डीएम-एसएसपी की औचक छापेमारी, ढाई घंटे तक चली सघन तलाशी

-मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल में डीएम-एसएसपी की औचक छापेमारी, ढाई घंटे तक चली सघन तलाशी

-162 पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे अधिकारी -नहीं मिली कोई प्रतिबंधित सामग्री
-सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश

मुजफ्फरपुर। शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में शुक्रवार की अहले सुबह जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतिश कुमार मिश्रा ने औचक छापेमारी कर संयुक्त निरीक्षण किया। सुबह करीब चार बजे शुरू हुई कार्रवाई ढाई घंटे से अधिक समय तक चली। इस दौरान जेल के विभिन्न वार्डों और कक्षों की सघन तलाशी ली गई। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, रखरखाव और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कोई भी आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली।

जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह नियमित जांच का हिस्सा था। निरीक्षण के दौरान जेल की व्यवस्था सामान्यतः संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने काराधीक्षक को जेल मैनुअल के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन करते हुए कारा का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बंदियों के प्रशिक्षण और शिक्षा पर जोर:

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने बंदियों के व्यावसायिक प्रशिक्षण और शैक्षणिक कार्यक्रमों को बेहतर बनाने का निर्देश दिया। महिला खंड में बंद महिला कैदियों के लिए भी विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया। इसके अलावा जेल में बंद वृद्ध और बीमार कैदियों की देखभाल पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

जेल भवन के अनुरक्षण, मरम्मत और निर्माण से संबंधित कार्यों की समेकित सूची तैयार कर भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश:

जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए जिला समादेष्टा, मुजफ्फरपुर से पत्राचार कर गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जेल के अंदर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। सरकार के निर्देशानुसार भविष्य में भी जेल परिसर में औचक छापेमारी और जांच जारी रहेगी।

इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर पूर्वी, नगर पुलिस अधीक्षक, काराधीक्षक, जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष सहित कुल 162 पुलिसकर्मी मौजूद थे।