-मुजफ्फरपुर में 19 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला
-25 से 30 कंपनियां करेंगी युवाओं का चयन
-आईटीआई गन्नीपुर में होगा जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला
-प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क
मुजफ्फरपुर। बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय, मुजफ्फरपुर की ओर से 19 नवंबर को एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला-2026 का आयोजन किया जाएगा। यह मेला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गन्नीपुर के मैदान परिसर में आयोजित होगा। बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग तथा निदेशालय नियोजन, बिहार, पटना के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में युवाओं को नौकरी के साथ स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी भी मिलेगी।
सहायक निदेशक (नियोजन), तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर जैनेन्द्र कुमार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रोजगार मेले में बिहार सहित अन्य राज्यों की लगभग 25 से 30 निजी कंपनियां भाग लेंगी। ये कंपनियां अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। यहां युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने, सरकारी योजनाओं और रोजगार से संबंधित विभिन्न अवसरों की जानकारी दी जाएगी।

दो प्रतियों में बायोडाटा और प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य:
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ दो प्रतियों में बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता तथा अनुभव से संबंधित प्रमाण पत्रों की छायाप्रति लानी होगी। मेले में भाग लेने के लिए बिहार के किसी भी नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है।
जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर अपना निबंधन नहीं कराया है, वे https://detjob.bihar.gov.in/registration पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा मेला स्थल पर भी ऑन-द-स्पॉट निबंधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
प्रवेश निःशुल्क, निजी कंपनियों में रहेंगी रिक्तियां:
विभाग ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेले में केवल निजी क्षेत्र की रिक्तियां उपलब्ध रहेंगी। रिक्तियों, नियुक्ति की शर्तों और चयन के मापदंडों के लिए संबंधित नियोजक कंपनियां ही जिम्मेवार होंगी। मेले में अभ्यर्थियों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। नियोजनालय ने अधिक से अधिक युवक-युवतियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।












