-मुजफ्फरपुर में विदाई का माहौल: एडीएम लोक शिकायत समेत कई अधिकारियों को दी गई भावभीनी विदाई
मुजफ्फरपुर — मई और जून महीने में जिले में अधिकारियों एवं कर्मियों की सेवानिवृत्ति और ट्रांसफर-पोस्टिंग का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में जिले के एडीएम (लोक शिकायत) बृजबिहारी भगत के सेवानिवृत्त होने तथा डीएसओ प्रभात कुमार और डीएलएओ सहित अन्य अधिकारियों के तबादले के उपरांत शनिवार को समाहरणालय सभागार में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने की। उन्होंने एडीएम लोक शिकायत, डीएसओ तथा डीएलएओ की कर्तव्यपरायणता, विनम्रता तथा प्रशासनिक दक्षता की सराहना करते हुए उन्हें कर्मठ, अनुभवी और प्रेरणादायक अधिकारी बताया। जिलाधिकारी ने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कई अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए। एडीएम बृजबिहारी भगत को सभी ने “कूल एंड काम” और “जीरो टॉलरेंस” वाला जांच पदाधिकारी बताया। वहीं डीएसओ प्रभात कुमार की मार्निंग वॉक, स्पोर्ट्स प्रेम और कार्य के प्रति समर्पण को एक अद्भुत उदाहरण कहा गया।

समारोह का संचालन जिला कोषागार पदाधिकारी सह भविष्य निधि पदाधिकारी श्री वैशुर रहमान ने किया।
अधिकारियों ने एडीएम, डीएसओ एवं डीएलएओ को माला एवं बुके भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
इसके साथ ही समाहरणालय में हर महीने की तरह इस बार भी जिले के विभिन्न कार्यालयों से सेवानिवृत्त 15 कर्मियों को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान को याद करते हुए अधिकारियों ने उन्हें भावभीनी शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री श्रेष्ठ अनुपम, अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री संजीव कुमार, डीआरडीए निदेशक श्री संजय कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री कुमार सत्येंद्र, कोषागार पदाधिकारी श्री विनोद कुमार तिवारी सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिले से स्थापना उप समाहर्ता श्रीमती टोनी कुमारी, प्रभारी विधि शाखा श्री विजय कुमार, एवं प्रभारी आपदा प्रबंधन श्री विजय कुमार का भी ट्रांसफर किया गया है।
#मुजफ्फरपुर #सेवानिवृत्ति #ट्रांसफरपोस्टिंग #विदाईसमारोह #ADMबृजबिहारीभगत #डीएसओप्रभातकुमार #सरकारीकर्मचारी #सम्मान












