-मुजफ्फरपुर में पैक्स अध्यक्ष पर फायरिंग, बाल-बाल बचे; पुलिस जांच में जुटी
मुजफ्फरपुर। जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरौल ओपी इलाके में देर रात पैक्स अध्यक्ष सुनील पांडे पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि वह रात में अपने घर लौट रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर जंगल के पास घात लगाए बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। हालांकि इस हमले में उनकी जान बाल-बाल बच गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ-2 मनोज कुमार ने बताया कि पैक्स अध्यक्ष पर फायरिंग की सूचना मिली है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल घटना के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












