-मुजफ्फरपुर में चोरी कांड का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
-मोबाइल, चांदी के पायल और जेवरात बरामद
मुजफ्फरपुर। जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में तीन घरों में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के टुनटुन राम उर्फ टुनटुन खलीफा और पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के अखिलेश नट के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक मोबाइल, चांदी के पायल, अन्य जेवरात और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 अक्टूबर को सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव में तीन घरों से नकद रुपये, मोबाइल और जेवरात चोरी होने की सूचना मिली थी। इस संबंध में सिवाईपट्टी थाना कांड संख्या 185/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।

चोरी की घटना के बाद पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से चोरी से संबंधित सामान और वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












