Advertisement

मुजफ्फरपुर को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने की पहल तेज

-मुजफ्फरपुर को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने की पहल तेज

-डीडीसी की अध्यक्षता में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

मुजफ्फरपुर, 27 नवंबर। मुजफ्फरपुर को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला सभागार में बाल विवाह और लैंगिक हिंसा के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता उप विकास आयुक्त ने की। कार्यशाला में जिला एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में सीडीपीओ, बीडीओ, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सिविल सर्जन, महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक, वन स्टॉप सेंटर तथा जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमेन (DHEW) के कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम को लेकर जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों से अवगत कराना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था।

अधिकारियों को बताया गया कि समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास और जागरूकता जरूरी है।
इस दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों, इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों और रोकथाम के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह कराना कानूनन अपराध है। इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
कार्यशाला में बाल विवाह की सूचना देने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह से संबंधित शिकायत या सूचना महिला हेल्पलाइन नंबर 181, चाइल्डलाइन नंबर 1098 और आपातकालीन सेवा नंबर 112 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यशाला में सभी संबंधित पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र में बाल विवाह की रोकथाम के लिए सक्रिय भूमिका निभाने और जागरूकता अभियान चलाने की अपील की गई, ताकि मुजफ्फरपुर को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के लक्ष्य को पूरा किया जा सके।