Advertisement

मुजफ्फरपुर के रोहुआ में पीएनजी गैस पाइपलाइन फटी, गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी; स्कूलों की छुट्टी, कई बच्चे बीमार

-मुजफ्फरपुर के रोहुआ में पीएनजी गैस पाइपलाइन फटी, गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी; स्कूलों की छुट्टी, कई बच्चे बीमार

मुजफ्फरपुर। जिले के रोहुआ इलाके में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बुडको (BUDCO) के निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटने से तेज़ गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर पास स्थित हाई स्कूल और मिडिल स्कूल में तत्काल छुट्टी की घोषणा कर दी गई। स्कूल परिसर में मौजूद बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।


जानकारी के अनुसार, गैस रिसाव के प्रभाव से कुछ स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। सभी प्रभावित बच्चों को तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। गैस रिसाव को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं तथा आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारणों और पूरे मामले की जांच की जा रही है। बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।