-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ज्वेलरी महोत्सव-2026 का किया शुभारंभ
-देशभर से पहुंचे करीब 200 आभूषण निर्माताओं के स्टॉल का किया अवलोकन
पटना, 30 अगस्त। मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने रविवार को सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन में आयोजित तीन दिवसीय ज्वेलरी महोत्सव-2026 का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान की ओर से आयोजित यह महोत्सव 1 सितंबर तक चलेगा।
ज्ञान भवन के कन्वेंशन हॉल में आयोजित महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे करीब 200 आभूषण निर्माताओं ने अपने स्टॉल लगाए हैं। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और प्रदर्शित आभूषणों एवं ज्वेलरी उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने आभूषण निर्माताओं से बातचीत कर उनके कारोबार और उत्पादों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने आभूषण निर्माताओं से कहा कि वे यहां अच्छे से अपना व्यवसाय करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि उन्हें हर प्रकार की आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
ज्वेलरी महोत्सव में कोटा, आगरा, सूरत, अहमदाबाद, नागपुर, मुंबई, लखनऊ और कोलकाता सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आभूषण निर्माता पहुंचे हैं। महोत्सव के माध्यम से आभूषण निर्माण एवं व्यापार से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ ही कारोबारियों के बीच संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान से जुड़े पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर विधायक श्री राणा रणधीर सिंह, स्वर्णकार समाज विकास एवं शोध संस्थान के पदाधिकारी, देश के विभिन्न हिस्सों से आए आभूषण निर्माता और बड़ी संख्या में इस क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।











