Advertisement

मुंगेर : पुलिस की चेतावनी के बावजूद बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान जमकर हुई फायरिंग, युवक के सिर में जा लगी गोली, मौत

-पुलिस की चेतावनी के बावजूद बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान जमकर हुई फायरिंग, युवक के सिर में जा लगी गोली, मौत

सम्वाददाता। पटना।

बिहार में मुंगेर के जमालपुर आदर्श थाना क्षेत्र स्थित केशोपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप किसान राजू मंडल के पुत्र विपुल कुमार (20) की हत्या कर दी गई। विपुल अपने दोस्त प्रियांशु व सौरभ के भांजे के जन्मदिन की पार्टी में गया था।
जन्मदिन की पार्टी में गोलियां चलीं। इसमें विपुल कुमार के सिर में एक गोली लगी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। विपुल के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। हालांकि, घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मृतक के पिता राजू मंडल के बयान पर तीन नामजद और सात अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। रविवार की शाम विपुल अपने दोस्त के भांजे के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए गया था।


पार्टी के दौरान आतिशबाजी हुई, जिस दौरान कई राउंड गोलियां भी चलीं। मुहल्ले वालों की सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने लोगों को आतिशबाजी करने से मना किया और वहां से चली गई। कुछ देर बाद पुलिस को हत्या की सूचना मिली।
पुलिस पहुंची तो विपुल के सिर में एक गोली लगी थी। आनन-फानन में पुलिस उसे सदर अस्पताल ले गई लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद लोगों के बीच दहशत है। हत्या के बाद कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मामले में एसपी ने बताया कि जन्मदिन पार्टी में चली गोली से विपुल की मौत हुई है। इस मामले में तीन दोस्तों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अनुसंधान कर रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश हो जाएगा।