-मिथिला और सीमांचल को रेलवे की बड़ी सौगात, अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी
पटना/मुजफ्फरपुर। भारतीय रेल ने मिथिला और सीमांचल के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। रेलवे बोर्ड ने न्यू जलपाईगुड़ी और अमृतसर के बीच नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद उत्तर बिहार, मिथिला और सीमांचल क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नई ट्रेन शुरू होने से बिहार, पश्चिम बंगाल और पंजाब के बीच सीधा रेल संपर्क और मजबूत होगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं और पुश-पुल तकनीक वाले कोच के साथ चलाई जाएगी। यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। अमृत भारत एक्सप्रेस भारतीय रेलवे की नई पीढ़ी की ट्रेनों में शामिल है, जिसमें आधुनिक डिजाइन, बेहतर सीटिंग व्यवस्था और तेज रफ्तार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
रेलवे बोर्ड के आदेश के मुताबिक ट्रेन संख्या 14664/14663 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चलेगी। अमृतसर से यह ट्रेन हर गुरुवार दोपहर 12:45 बजे रवाना होगी और शनिवार सुबह 4:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी। वहीं वापसी में न्यू जलपाईगुड़ी से ट्रेन शनिवार सुबह 8 बजे खुलेगी और सोमवार तड़के 2:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी।

नई ट्रेन से मिथिला और सीमांचल के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों को सीधा लाभ मिलेगा। ट्रेन झंझारपुर, निर्मली, सरायगढ़, राघोपुर, फारबिसगंज और अररिया समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसके अलावा लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, सकरी और झंझारपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी इसका ठहराव होगा।
इस रेल सेवा की सबसे खास बात यह है कि ट्रेन ललितग्राम बायपास और अररिया-गलगलिया नवनिर्मित रेलखंड से होकर भी गुजरेगी। इससे सीमांचल और उत्तर बिहार की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी। रेलवे का मानना है कि इस ट्रेन के परिचालन से व्यापार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। खासकर पंजाब में काम करने वाले मजदूरों, कारोबारियों और छात्रों को इसका सीधा फायदा होगा।
पूर्व मध्य रेलवे के डीपीआरओ ने बताया कि ट्रेन के नियमित परिचालन की तारीख जल्द घोषित की जाएगी। रेलवे की इस नई पहल को मिथिला और सीमांचल क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।











