Advertisement

महिला अधिकारी से नशे में धुत युवक ने की बदसलूकी,पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

-महिला अधिकारी से नशे में धुत युवक ने की बदसलूकी,पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

मुजफ्फरपुर: शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार कलमबाग चौक पर शनिवार की दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब नशे में धुत एक युवक ने जिला प्रशासन की एक वरिष्ठ महिला अधिकारी के साथ बीच सड़क पर दुर्व्यवहार किया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। महिला अधिकारी की शिकायत पर काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर कलमबाग चौक पर युवक नशे की हालत में हंगामा कर रहा था। इसी दौरान उसने जिला प्रशासन की एक वरिष्ठ महिला अधिकारी के साथ बदसलूकी की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करने से पहले भी युवक ने सड़क से गुजर रहे कई राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार किया था।

उसकी हरकतों से आसपास मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई।
सूचना मिलते ही काजीमोहम्मदपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। वहां ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच करने पर उसके शराब पीने की पुष्टि हुई। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की पहचान को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। वह बार-बार अपना नाम और पता बदलकर बता रहा है। कभी खुद को अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ पैगंबरपुर स्थित आदर्श विहार कॉलोनी का निवासी दीपक कुमार बताता है, तो कभी दूसरे थाना क्षेत्र का निवासी होने का दावा करता है। वह खुद को निजी शिक्षक भी बता रहा है।
पूछताछ के दौरान आरोपी के व्यवहार को देखते हुए उसकी मानसिक स्थिति की जांच की संभावना भी जताई जा रही है। पुलिस उसके वास्तविक नाम और पते का सत्यापन करने के साथ परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। मामले में सत्यापन और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।