Advertisement

शादी की रस्म के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प, आधा दर्जन लोग जख्मी

-शादी की रस्म के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प, आधा दर्जन लोग जख्मी

-एक की हालत गंभीर, SKMCH रेफर

मुजफ्फरपुर: जिले के सरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत चकना गांव में शनिवार की शाम शादी की पारंपरिक रस्म के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। गाजे-बाजे को बंद कराने और आपसी छींटाकशी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। घायलों में मो. जहांगीर के पुत्र की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी सरैया से बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, चकना गांव निवासी नागा पासवान की बेटी की शादी को लेकर शनिवार की शाम महिलाएं गाजे-बाजे के साथ पारंपरिक ‘बिलौकी’ मांगने की रस्म अदा करने जा रही थीं।

इसी दौरान गाजे-बाजे को बंद कराने और आपसी छींटाकशी को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दो चरणों में मारपीट की घटना हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही सरैया थानाध्यक्ष संतोष कुमार पंकज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
वहीं, गांव में शांति व्यवस्था कायम करने में मुखिया पति रविशंकर उर्फ सोनू शाही ने भी प्रशासन का सहयोग किया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार पंकज ने बताया कि फिलहाल गांव की स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल कैंप कर रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।