Advertisement

मरीजों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन

-मरीजों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन

दीपक कुमार/गायघाट।

गायघाट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गायघाट प्रखंड के कमरथु पंचायत में शनिवार को अतिरिक्त प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन विधायक कोमल सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद विधायक ने स्वास्थ्य केंद्र भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

इस अवसर पर विधायक कोमल सिंह ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर प्रतिबद्ध है। ग्रामीण इलाकों में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्रों एवं अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी और इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने क्षेत्र से पहुंचे लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।