-भीषण गर्मी में छाया करिश्मा कक्कड़ का नया गाना ‘गमछिया से हाक दी’, रिलीज होते ही हुआ वायरल
मुजफ्फरपुर। भोजपुरी संगीत जगत की लोकप्रिय गायिका करिश्मा कक्कड़ का नया गाना ‘गमछिया से हाक दी’ रिलीज होते ही दर्शकों के बीच छा गया है। भीषण गर्मी के बीच रिलीज हुआ यह गीत अपने देसी अंदाज, मनोरंजक बोल और धमाकेदार संगीत की वजह से तेजी से वायरल हो रहा है। गाने को कान्हा फिल्म्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल से रिलीज किया गया है, जहां इसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।
गीत में करिश्मा कक्कड़ की दमदार और मधुर आवाज श्रोताओं को आकर्षित कर रही है। वहीं वीडियो में अप्सरा और उड़नबाज राजा की शानदार केमिस्ट्री तथा ऊर्जावान प्रस्तुति दर्शकों का ध्यान खींच रही है। रंग-बिरंगे और आकर्षक लोकेशनों पर फिल्माए गए इस गीत का वीडियो भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
रिलीज के बाद से ही दर्शक गाने के बोल और संगीत की जमकर सराहना कर रहे हैं। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर यह गीत तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जिससे पूरी टीम उत्साहित नजर आ रही है।

गाने को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स पर खुशी जताते हुए करिश्मा कक्कड़ ने कहा कि यह गीत पूरी तरह से देसी अंदाज और मस्ती को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा, “‘गमछिया से हाक दी’ ऐसा गीत है, जिससे हर वर्ग के श्रोता खुद को जोड़ पाएंगे। गर्मी के दिनों में गमछा हमारे जीवन का अहम हिस्सा होता है और उसी भाव को मनोरंजक तरीके से गीत के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। दर्शकों से मिल रहे प्यार से पूरी टीम बेहद उत्साहित है।”
उन्होंने विश्वास जताया कि यह गीत आने वाले दिनों में लोगों की प्लेलिस्ट और समारोहों की पहली पसंद बनेगा। साथ ही गीत से जुड़े सभी कलाकारों, तकनीकी टीम और दर्शकों का आभार भी व्यक्त किया।
गौरतलब है कि ‘गमछिया से हाक दी’ के बोल शुभदयाल सोहरा ने लिखे हैं, जिन्होंने ग्रामीण परिवेश और लोक संस्कृति को आधुनिक संगीत के साथ खूबसूरती से पिरोया है। गीत का संगीत छोटे बंटी ने तैयार किया है, जिसकी धुन लोगों को झूमने पर मजबूर कर रही है। वीडियो का निर्देशन सुशांत सिंह और कुमार चंदन ने किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी बंटी राज और अरमान सिंह ने संभाली है। वीडियो का संपादन प्रकाश प्रजापति ने किया है।
भोजपुरी संगीत प्रेमियों का मानना है कि रिलीज के कुछ ही समय में शानदार प्रतिक्रिया हासिल करने वाला यह गीत आने वाले दिनों में भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े हिट गानों की सूची में शामिल हो सकता है।
















