-बेनीबाद थाने में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण, पुलिसकर्मियों ने दिया हरियाली का संदेश
गायघाट/दीपक कुमार। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बेनीबाद थाना परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी राजकुमार गौतम सहित पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के दौर में पौधरोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पेड़-पौधे न केवल वातावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य से थाना परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।
थाना प्रभारी राजकुमार गौतम ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य थाना परिसर में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ आम लोगों को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिसकर्मियों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।












