-बिहार में मौसम का कहर: कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, वज्रपात और तेज बारिश की चेतावनी
पटना।बिहार में बदलते मौसम ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। खराब मौसम को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्णिया, मधुबनी और सुपौल जिलों में मेघ गर्जन, आकाशीय बिजली (वज्रपात), तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

यह अलर्ट 18 अप्रैल 2026 को रात 10:20 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान अचानक मौसम बिगड़ सकता है और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश तथा वज्रपात की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। खासकर खुले स्थानों, खेतों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि इन स्थानों पर वज्रपात का खतरा अधिक रहता है।
प्रशासन को भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लोगों से लगातार मौसम अपडेट पर नजर रखने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।












