Advertisement

बिहार में ट्रेन पलटाने की साजिश नाकाम

-बिहार में ट्रेन पलटाने की साजिश नाकाम

-झाझा-जमुई रेलखंड पर ट्रैक काटने की कोशिश

जमुई। ब्यूरो।

बिहार में झाझा-जमुई-किऊल रेलखंड पर ट्रेन को पलटाने की बड़ी साजिश को अंजाम देने की कोशिश की गई। असामाजिक तत्वों ने रेलवे ट्रैक को आरी से काटने और सेफ्टी क्लिप निकालने का प्रयास किया। यह घटना हावड़ा-नई दिल्ली मुख्य रेल लाइन पर पोल संख्या 371/21 के पास नागी नदी पुल के नजदीक सामने आई।

पेट्रोल मैन की सतर्कता से बची बड़ी दुर्घटना:

रेलवे की पेट्रोलिंग टीम के दिलीप कुमार और राहुल कुमार ने रात 11 बजे ट्रैक पर कट देखा और तुरंत स्टेशन प्रबंधक व पथ निरीक्षक को सूचना दी। इसके बाद रेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। मौके पर पहुंचकर रेल पुलिस, आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों ने गहन जांच की।

रेल सुरक्षा बल की जांच और खुलासे:

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहायक सुरक्षा आयुक्त हरि नारायण राम ने प्रारंभिक जांच में इस कट को पुराना बताया। हालांकि, घटनास्थल पर आरी पत्ती और अखबार का टुकड़ा मिलने की बात भी सामने आई, जिसे लेकर जांच जारी है।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं:

आरपीएफ के अनुसार, यह पहली बार नहीं हुआ है। बीते एक महीने में तीन बार ट्रैक से पेंडौल क्लिप खोले जाने की घटनाएं हो चुकी हैं। रेलवे अधिकारियों ने स्वीकार किया कि पिछले महीने 5-6 क्लिप अपराधियों द्वारा खोली गई थी।

अस्थायी ब्लॉक, धीमी रफ्तार से ट्रेनों का परिचालन:

घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने सावधानी बरतते हुए झाझा-जमुई-किऊल रेलखंड के अप ट्रैक पर ट्रेनों की रफ्तार घटाकर 30 किमी प्रति घंटा कर दी। दोपहर तक लाइन ब्लॉक लेकर मरम्मत का कार्य भी किया गया।

#बिहार_रेल_सुरक्षा #झाझा_रेलखंड #ट्रेन_साजिश #रेलवे_पटरी_काटने_की_कोशिश #सुरक्षा_चौकसी