-बिहार: छपरा में गायत्री यज्ञ हवन में मची भगदड़, 2 महिलाओं की मौत; 5 गंभीर
सम्वाददाता। पटना/छपरा।
बिहार के छपरा में गायत्री यज्ञ हवन में शामिल होने के लिए धक्का-मुक्की के बाद मची भगदड़ से दो महिलाओं की मौत हो गई. हादसे की शिकार हुईं दोनों महिलाएं औरंगाबाद जिले की रहने वाली थीं. भगदड़ में करीब पांच महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. जानकारी के मुताबिक, दरियापुर के मस्तीचक इलाके में हो रहे गायत्री महायज्ञ की हवन आहुति देने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी. सुबह यज्ञशाला के खुलते ही भीड़ अनियंत्रित हो गई. इस दौरान धक्कामुक्की होने लगी, जिससे दो महिलाएं जमीन पर गिर पड़ीं.

महायज्ञ के पास मौजूद लोग जब महिलाओं को उठाने के लिए आगे बढ़े तो भगदड़ मच गई, जिससे जमीन पर गिरी महिलाएं दबी रह गईं. जब तक उन्हें बाहर निकाला जाता, उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस का कहना है कि अब स्थिति सामान्य है. मौके पर सारण एसपी और डीएसपी भी मौजूद हैं. पुलिस की मौजूदगी में महायज्ञ फिर से शुरू किया गया है.












